Sunday, 15 May 2011

पूँजीवाद की उच्चतम अवस्था क्रिकेट है

एक समय ऐसा आ गया जब हर चीज़ पैसे से नापी जाने लगी. पैसे से हर काम होने लगा. जिसका हर काम हो जाए वही इज़्ज़तदार कहलाने का हक़दार बन गया. पैसा है तो इज़्ज़त है. इज़्ज़त है तो आप इंसान हैं. वरना कैटल क्लास, कीडे मकोडे कुछ भी हो सकते हैं.
ज़माना और आगे बड़ा. फिर पैसे का पर्याय क्रिकेट हो गई. क्रिकेट खेलना तो बहुत सम्मान की बात है क्रिकेट देखना भी सम्मान की बात हो गई. पैसा, राजनीति, घोटाले, सट्टा बज़ार विज्ञापन छेड़्छाड़ नंगापन सब कुछ क्रिकेट में समा गया. कुल मिलाकर लोकतांत्रिक पूँजीवाद की कोई चीज़ ऐसी नहीं रही जो क्रिकेट में न मिले.
क्रिकेट में बड़े नेता हैं. शरद पवार से लेकर लालू और अरुण जेटली तक जैसी मारामारी कभी मंत्री बनने के लिए मचा करती थी वैसी मारामारी आज क्रिकेट बोर्ड का पद लेने के लिए मची है. आने वाले समय में बी.सी.सी.आई का अध्यक्ष बनने की न्यूनतम शर्त यही होगी कि वह भारत का प्रधानमंत्री हो. क्लब वगैरह के अध्यक्ष को लाल और नीली बत्ती बाँटी जाया करेंगी. सरकार का समर्थन करने के लिए नेता मोल भाव करेंगे- उन्हें फलाँ क्रिकेट क्लब का अध्यक्ष बना दिया जाए.
क्रिकेट ने हमारे लोकतंत्र के सारे मानक बदल दिए हैं. अब लोग डॉक्टर, इंजीनियर,आई.ए.एस या वैज्ञानिक नहीं बनना चाहते अब लोग क्रिकेटर बनना चाहते हैं. पहले सुनने में आता था किसी आईआईटिअन वगैरह को 10-20 लाख का पैकेज मिला है तो बहुत बड़ी बात होती थी आज यह सुनना कि फलाँ क्रिकेटर 1-2 कारोड में बिका है या उसने किसी कंपनी से 20-30 कारोड़ की डील की है बहुत मामूली सी बात है. ज़ाहिर सी बात है आने वाले समय में लडके का रिश्ता आएगा तो घर वाले बड़े गर्व से कहा करेंगे लडका कॉलेज की क्रिकेट टीम में है. जैसे अभी लोग कहते हैं लडका सरकारी जॉब में है. कॉलेज टीम के कप्तान की हैसियत किसी डॉक्टर इंजीनियर से कम थोड़े ही होगी.
जैसे पूँजीवाद में बाज़ार का वर्चस्व होता है और जीवन का कोई भी क्षेत्र बाज़ार के मूल्यों प्रभावित हुए बिना नहीं रह सकता वैसे ही क्रिकेट ने जीवन के हर क्षेत्र को प्रभावित किया है. क्रिकेट ने संस्कृति, कला साहित्य भाषा सभी कुछ प्रभावित किया है. आलोचक लघुकथा के बारे में लिखता है तो ट्वेंटी ट्वेंटी की तरह हैं जैसी भाषा इस्तेमाल करता है. कहानी के बारे में लिखता है तो कहता है ये कहानियां वन डे जैसा आनंद देती हैं और उपन्यास की तुलना वह टेस्ट मैच से करता है. अखबार की तो पूरी भाषा ही क्रिकेट से उधार ले ली गई है. अगर आज प्रधानमंत्री इस्तीफ़ा दे दे तो उसका शीर्षक यही होगा- प्रधानमंत्री क्लीन बोल्ड.
अभी भ्रष्टाचार पर बहुत हाय तोबा हुई है. एक अखबार में मैंने पढ़ा- भ्रष्टाचार से लड़ने के लिए क्रिकेट जैसा जुनून चाहिए. मतलब अब सब कुछ क्रिकेट से ही तय होगा. लडके वाले लड़की देखने जाएंगे तो ऐसे ही सवाल पूछेंगे- विस्फोटक बल्लेवाज क्या होता है? गुगली में और सीमर में क्या अंतर होता है? वगैरह-वगैरह.
राजनीतिशास्त्रियों व समाजशास्त्रियों को व्यवस्था को समझने के लिए क्रिकेट को समझना अनिवार्य होगा. क्रिकेट पूँजीवादी लोकतंत्र की सत्य प्रतिलिपि बन गई है. जिसमें पैसा है राजनीति है घोटाले हैं, पागलपन है सट्टा है, चीयर्स गर्ल्स हैं. और हां पूनम पांडे हैं. बहुत से लोग उसकी हरकत को एक आइटम गर्ल(वह भी इसी व्यवस्था की देन है) टाइप छिछोरी हरकत समझ कर बस मज़े ले रहे हैं. पर यह चीअर्स गर्ल्स से आगे की अवस्था है जो इस वर्डकप में न सही तो अगले वर्डकप में होनी ही है. और वह क्रिकेट के पूँजीवादी लोक्तंत्र की चरमावस्था होगी. आप यह भी कह सकते हैं कि तब क्रिकेट का पूँजीवाद अपने असली रूप में आ चुका होगा.
लेनिन ने कहा था साम्राज्यवाद पूँजीवाद की चरमावस्था है पर यह बात रूस और अमेरिका के लिए कही थी. भारत में पूँजीवाद की चरमावस्था क्रिकेट है.

Tuesday, 1 March 2011

खेल में क्रिकेट

क्रिकेट भी बहुत दिलचस्प खेल है. या फिर खेल तो कुछ दूसरा ही है उसमें थोड़ी सी क्रिकेट है. पता नहीं अब तक किसी क्रिकेट प्रेमी ने गिनीज बुक के लिए यह दावा क्यों नहीं किया कि ऐसा खेल जो एक दिन में उतनी जगह अख़बारों में पाता है जितनी जगह दूसरे खेलों को पूरी साल में नसीब होती है. मैच चल रहा है तब तक मैच के बारे में छप रहा है मैच ख़त्म हुआ तो अगले मैच के बारे में पढ़िए. पिच कैसी बनाई जा रही है, कौन सी टीम ने कितने मैच जीते हैं कितने हारे हैं, किस खिलाड़ी ने कितने रन बनाए हैं, कितने विकिट लिए हैं, कितने कैच लिए हैं, कितने छोड़े हैं, भारी आंकड़े हैं इस खेल में.अगर एक खिलाड़ी के आंकड़े भी बनाने बैठ गए तो ज़िंदगी निकल जाएगी पर आंकड़े नहीं बना पाओगे. वह भी तब जब केवल खेल के ही आंकड़े बनाने हों अगर दूसरे आँकड़े भी बनाने लगे तो फिर आपको दूसरा जन्म लेना पड़ेगा.
गिनीज़बुक, फ़ॉर्ब्स, टाइम न जाने कितने फालतू के आँकड़े बनाते रहते हैं. अगर एक बार क्रिकेट के बारे में आँकड़े बनाना शुरू कर दें तो और किसी के बारे में आँकड़े बनाने की फ़ुर्सत ही नहीं मिलेगी. एक मैच में सबसे अधिक विज्ञापन दिखाने वाला खेल, अखबारों में सबसे अधिक छाया रहने वाला खेल. खिलाड़िओं को सबसे ज़्यादा पैसे देने वाला खेल, सबसे ज़्यादा सट्टा लगवाने वाला खेल, सबसे ज़्यादा फिक्स होने वाला खेल, ऐसा खेल जो नेतओं को बहुत आकर्षित करता है. यों नेताओं को सिर्फ़ कुर्सी ही आकर्षित करती है परंतु क्रिकेट ऐसा खेल है जो नेताओं को कुर्सी के अलावा भी बहुत अधिक आकर्षित करता है. शरद पवार जो कभी प्रधानमंत्री की कुर्सी के लिए महासंग्राम छेड़े थे आज क्रिकेट की कुर्सी से ऐसे चिपके हैं कि कृषि मंत्री की कुर्सी तो उनके लिए जैसे किसी क्लब की सदस्यता जैसी हो गई है. क्या पक्ष क्या विपक्ष सिर्फ़ क्रिकेट की कुर्सी ऐसी है जो सत्ता की कुर्सी की तरह सबको समान रूप से आकर्षित करती है. लालू, ज्योतिरादित्य सिंधिया, अरुण जेटली ....आज के समय मे भला कौन सा ऐसा नेता होगा जो सत्ता की कुर्सी के साथ- साथ क्रिकेट की कुर्सी नहीं संभालना चाहेगा? आज कोई शरद पवार से पूछे कि आप क्रिकेट में रहना पसंद करेंगे कि मंत्रिमंडल में तो निःसंदेह वे क्रिकेट को ही चुनेंगे. दर अस्ल क्रिकेट के साथ इतने खेल जुड़े हुए हैं कि यह तय कर पाना बहुत कठिन है कि इन खेलों में क्रिकेट कितना है.

Saturday, 15 January 2011

कल्याण सिंह अब क्या करेंगे?

-Ram Prakash Anant
अयोध्या पर कोर्ट का फ़ैसला आ गया है. बात अयोध्या की हो और कल्याण सिंह का नाम न आए ऐसा कैसे हो सकता है.वे कह रहे हैं कि वे मंदिर मुद्दे को नहीं छोड़ेंगे.मंदिर वहीं बनाएंगे.यों वे क्या कह रहे हैं उसका कोई मतलब नहीं है.एक समय ऐसा भी था जब वे कुछ भी कह देते थे मीडिया के लिए उसका मतलब होता था,लेकिन अब नहीं है. वे कह रहे हैं मस्जिद गिराने का उन्हें कोई अफ़सोस नहीं है. कुछ दिन पहले वे कह रहे थे मस्जिद गिराना उनकी ज़िंदगी की सबसे बड़ी भूल थी. और मस्जिद गिराई गई तब भी उन्होंने काफ़ी गर्व महसूस किया था. लगता है वे बहुत ज़्यादा कंफ़्यूज़ हो गए हैं कि मस्जिद गिराना उनकी सबसे बड़ी भूल थी, या फिर भाजपा छोड़ना उनकी सबसे बड़ी भूल थी या फिर मुलायम सिंह के साथ आना. सही भी है. राजनीति में आज वे जिस जगह खड़े हैं वहाँ पर कोई भी कंफ़्यूज़ हो सकता है. वे तो कंफ़्यूज़ ही हैं वरना जिस जगह वे खड़े हैं वहाँ तो आदमी के होश ही उड़ जाएं. ख़ैर.
एक बार उनसे सपने में मुलाक़ात हो गई तो हमने ऐसे ही मुद्दों पर उनसे बातचीत की. उन्होंने जो बेबाक उत्तर दिए उन्हें हम नीचे दे रहे हैं-
प्रश्न- अभी आप कह रहे हैं कि आप हिंदू एवं मंदिर मुद्दे को नहीं छोड़ेंगे, कुछ दिन पहले जब आप मुलायम सिंह के साथ थे तब कह रहे थे, मस्जिद गिराना आप की ज़िंदगी की सबसे बड़ी भूल थी. क्या आप इस मुद्दे पर कंफ़्यूज़ हैं ?
कंफ़्यूज़ शब्द सुनकर उनका चेहरा गुस्से से लाल हो गया. बोले- देखिए में राजनीति में राजनीति करने आया हूँ, अपने आप को हरिश्चंद्र सिद्ध करने नहीं. भाजपा ने मंदिर मुद्दे पर पूरी राजनीति खड़ी कर ली. उसके वोट बैंक का आधार ही मंदिर मुद्दा और मुस्लिम विरोध है. मैं मुलायम की पार्टी में आया. उनकी पार्टी के वोट बैंक का आधार पिछड़े व मुस्लिम हैं. सो मैंने कहा मस्जिद गिराना मेरी ज़िंदगी की सबसे बड़ी भूल थी. फिर क्या मुझे यह कहना चाहिए था, मस्जिद गिराने पर मुझे गर्व है?
उनकी बेबाक टिप्पणी से हम निरुत्तर हो गए. फिर थोड़ी हिम्मत जुटा कर बोले-सिद्धांत भी तो कोई चीज़ होती है?
उत्तर- होती क्यों नहीं है बहुत बड़ी चीज़ होती है, लेकिन गणित और विज्ञान की किताबों में. राजनीति में सिद्धांत का कोई मतलब हो तो हमें बताइए.
बहुत सोचने के बाद भी राजनीति में सिद्धांत से किसी का कोई मतलब समझ नहीं आया तो हमने अगला प्रश्न किया- आप भी मंदिर की बात करते हैं और भाजपा भी करती है, आप भी हिंदू की बात करते हैं भाजपा भी करती है फिर आपने भाजपा क्यों छोड़ी?
उत्तर- देखिए न हमें हिंदू से कोई मतलब है न उमा को कोई मतलब है न भाजपा को. हो सकता है संघ को कोई मतलब हो. आपने निदा फ़ाज़ली की नज़्म 'एक नेता के नाम' तो पढ़ी ही होगी 'तुम्हें हिदू की चाहत है न मुस्लिम से अदावत है, तुम्हारा धर्म सदियो से तिज़ारत था तिज़ारत है.' लोग कहते हैं यह नज़्म एक नेता के नाम नहीं आडवाणी के नाम है. पर मैं कहता हूँ यह नज़्म सभी नेताओं के नाम है. हमारा धर्म सदियों से तिज़ारत था तिज़ारत है. जहाँ तक भाजपा छोड़ने का सवाल है आप ख़ुद समझदार हैं, ख़ुद जानते हैं कि कोई राजनीति क्यों करता है और क्यों किसी पार्टी को छोड़ता है.
हमने आगे पूछा- आप फिर हिंदू और मंदिर मुद्दे पर लौट आए हैं भाजपा के आगे आपको कौन पूछेगा?
उत्तर -तो आप ही बताइए किस मुद्दे पर राजनीति करूँ? मुसलमान मुझ पर विश्वास नहीं करते, पिछड़ों की राजनीति शरद यादव, लालू, मुलायम ने हथिया ली. दलित मायावती को छोड़कर मेरे पास क्यों आएंगे?
बात उनकी 24 कैरट सही थी सो हम निरुत्तर हो गए. हमें चुप देखकर वे उठकर चले गए. शायद उन्हें किसी हिंदू रैली को संबोधित करना था.वे उठकर चले गए तो हमारी भी आँख खुल गई.अब हम नींद में नहीं थे जाग गए थे सो कई तरह के सवाल मन में आते रहे.
भले ही कल्याण सिंह के पास कोई और मुद्दा न हो पर हिंदुत्व पर उनकी दुकान नहीं चल पाएगी. किसी ज़माने में उमा भारती भाजपा के हिंदुत्व की सबसे बड़ी ब्रांड एंबेसडर थीं. उन्हें भी ग़लतफ़हमी हो गई. किसी कंपनी का ब्रांड एंबेसडर होना अलग बात है और उसी माल को अपना ब्रांड बना कर बेचना दूसरी बात है. वे बार-बार चिल्ला रही हैं कि भाजपा का हिंदुत्व नकली है मेरा असली, फिर भी आज उनके हिंदुत्व को कोई दो कौड़ी में भी नहीं पूछ रहा है.

Wednesday, 5 January 2011

इससे तो वही अच्छा था

-राम प्रकाश अनंत
एक समय ऐसा भी आया जब बिहार में सुशासन का गुणगान करने से मीडिआ को सांस लेने की फ़ुरसत नहीं थी.हर कोई यह बताने के लिए बाबला हुआ जा रहा था कि नीतीश ने कितनी सड़्कें बनवा दीं. सही भी है जहाँ 15 साल में लालू पगडण्डियां तक नहीं बनवा पाए वहाँ अगर सड़क बन जाए तो वह कोई मामूली विकास है! उसे सुशासन नहीं तो और क्या कहा जाएगा. बाक़ी हत्याएं,बलात्कार रंगदारी भर्तियों में घोटाले अपनी जगह हैं. सुशासन के लिए तो बस एक सड़क की ज़रूरत होती है. भले ही मुख्यमंत्री आवास के पास लोग भ्रष्टाचार व लापरवाई से तंग आ कर आत्महत्या कर रहे हों. सड़क बनने को ही पूरा मीडिआ सुशासन कह रहा है तो मान लेते हैं और हमारे न मानने से भला क्या फ़र्क़ पड़ जाएगा.
सुना जाता है जनता कर्मचारियों को दौड़ा दौड़ा कर पीट रही है. डॉक्टरों तक को नहीं बख़्श रही.अब तो एक महिला ने किसी बलात्कारी नेता का ख़ून ही कर दिया.लगता है सरकार ने सुशासन की बागडोर सीधे जनता के हाथ में दे दी है -अपना न्याय ख़ुद करो,सुशासन के बाद अब नया शब्द स्वशासन ही आएगा.यानी जनता के द्वारा ख़ुद का शासन.
जब में छोटा था तब गांव में प्रधानी के चुनाव थे.दो उम्मीदवार मैदान मैं थे. गांव के एक बुज़ुर्ग़ एक कहानी सुनाते थे. एक राजा बहुत अत्याचारी था.जब वह मरने को हुआ तो रोने लगा. उसके बेटे ने पूछा-क्यों रो रहे हो? तो उसने कहा मैंने जनता पर इतने अत्याचार किए हैं कि मरने के बाद कोई मेरा नाम नहीं लेगा.लड़्का बोला, आप चिंता मत करो आपका नाम सारी जनता लेगी.उसके बाद जब लडका राजा बना तो उसने मुनादी पिटवा दी कि मरने के बाद हर आदमी को राज दरबार में लाया जाए.जब मरा हुआ आदमी राज दरबार में लाया जाता तो वह उसके खूंटा ठोंक देता.पूरी जनता में हा-हाकार मच गया. जनता कहती-इससे तो पहले वाला ही अच्छा था. वह तो ज़िंदा आदमी पर ही अत्याचार करता था. यह तो मरे हुए आदमी की भी दुर्गति कर देता है. बिहार ने कुशासन और सुशासन दोनों देख लिए.अब आप ही सोचिए यह अच्छा है या इससे पहले वाला ही अच्छा था.

Saturday, 1 January 2011

सी.बी.आई. और जांच

सी.बी.आई. और जांच
------------------------------------------------
-राम प्रकाश अनंत
लो जी उधर घोटाला हुआ और इधर जांच शुरू हो गई. घोटाला हो और उसकी सी.बी.आई जांच न हो तो यह तै ही नहीं हो पाता कि वह घोटाला है भी कि नहीं.आज करोड-दो करोड का घोटाला तो किसी भी ऑफ़िस में हो जाता हैं पर उसे कौन घोटाला मानता है.कारण वही कि उसकी सी.बी.आई जांच नहीं होती.इसलिए ही हर घोटाले के बाद जोर-शोर से यह आवाज़ उठाई जाती है कि उसकी सी.बी.आई जांच कराई जाए. तो एक बार फिर अब तक का सब से बडा घोटाला सामने आ गया है और उसकी सी.बी.आई जांच शुरू हो चुकी है.
लोग कह रहे है कि सी.बी.आई ने देर से जांच शुरू की है. सी.बी.आई न देर से जांच शुरू करती है न जल्दी शुरू करती है.उससे तो जब कह दो तभी जांच शुरू कर देती है.सी.बी.आई एक बेहद आग्याकरी बच्चे की तरह है.उससे कह दो जांच कर ले, कर लेगी.उससे कह दो, जांच बंद कर दे, बंद कर देगी.उससे कह दो सबूत इकट्ठे कर ले, सबूत इकट्ठे कर लेगी.उससे कह दो सबूत मिटा दे, मिटा देगी.उससे कह दो केवल जांच करना है और कुछ नहीं करना है वह केवल जांच करेगी और कुछ नहीं करेगी.
ऐसे ही एक केस को लेकर जब सी.बी.आई कोर्ट पहुँची तो जज ने पूछा-क्या किया आपने?उत्तर-जांच की.कोई सबूत मिला?उत्तर-नहीं.कोई अपराधी साबित हुआ?उत्तर-नहीं. फिर आपने क्या किया? उत्तर- जांच की.आपको क्या करना था? केवल जांच करनी थी.
हम लोग सोच रहे है अब तक के सबसे बडे घोटाले की जांच के बाद क्या होगा?कमाल हैं !हम अब तक इतना भी नहीं समझ पाए?आज तक हर घोटाले के बाद जांच हुई है और जांच के बाद क्या हुआ है?कुछ भी नहीं. इसकी भी जांच होगी और जांच के बाद कुछ भी नहीं.